झारखंड

पलामू में SIR कार्य में तेजी

Saba Naaz
5 July 2026 2:39 PM IST
पलामू में SIR कार्य में तेजी
x

पलामू : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिहीन बनाने का कार्य लगातार जारी है। इस अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की मौजूदगी में गणना प्रपत्र (इएफ) भरकर प्रक्रिया में भाग लिया। साथ ही मौके पर ही सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा किया गया।

मेदिनीनगर से मिली जानकारी के अनुसार, डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी की उपस्थिति में यह कार्य संपन्न हुआ। इस दौरान झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया और जिला परिषद सदस्य राम लव चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया। सभी ने अधिकारियों के सामने प्रपत्र भरे, जिसके बाद उसका डिजिटल डेटा तैयार किया गया।

इसी तरह 75-पांकी विधानसभा क्षेत्र में भी SIR-2026 के तहत कार्य किया गया। यहां निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी की देखरेख में बीएलओ के माध्यम से स्थानीय विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता को गणना प्रपत्र दिया गया। विधायक द्वारा फॉर्म भरने के बाद बीएलओ ऐप के जरिए तुरंत डेटा को ऑनलाइन फीड कर डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। जिला प्रशासन के अनुसार, पूरे जिले में यह विशेष अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि SIR-2026 का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत सटीक और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए सभी संबंधित कोषांग लगातार सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण है, जिससे अभियान को गति मिल रही है। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल सिस्टम के उपयोग से मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हो गई है। इस अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य लगातार किया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि निर्धारित समय के भीतर पूरा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया जाएगा।

Next Story