झारखंड

देवघर में बकाए वेतन भुगतान की मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव

Rani Sahu
9 Sept 2022 5:58 PM IST
देवघर में बकाए वेतन भुगतान की मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव
x
Deoghar: झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कापरी व जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में 2211 शीर्ष के कर्मचारियों द्वारा आज सात-आठ माह से बकाए वेतन के भुगतान की मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया. कर्मचारियों का शिष्टमंडल जिला लेखा प्रबंधक तथा सिविल सर्जन से मुलाकात कर सात आठ महीने के बकाए वेतन का भुगतान हर हाल में जल्द करने का अनुरोध किया. बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि 2211 शीर्ष का वेतन एनएचएम के माध्यम से दिया जाता है. इसमें पूर्व में दिए गए राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के बाद ही फिर से आवंटन भेजा जाता है. जिले के द्वारा पूर्व में भेजे गए मांग पत्र में बजट का सही आकलन नहीं होने के कारण आवंटन उपलब्ध नहीं कराया गया. सही प्रतिवेदन भेजने का निर्देश विभाग द्वारा दिया गया.
सिविल सर्जन के आदेश का भी नहीं हो रहा पालन
विभागीय निर्देश के आलोक में सिविल सर्जन द्वारा कई बार प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को पत्राचार करने के बावजूद भी अभी तक सही ढंग से उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराई गई. सही ढंग से वर्ष 22-23 के लिए मांग पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया. सभी बातों को सुनने के बाद कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए सिविल सर्जन द्वारा आज पुनः पत्र जारी कर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को 24 घंटे के अंदर 2211 से संबंधित पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. 24 घंटे के अंदर वर्ष 20-21 और 21-22 का उपयोगिता प्रमाण पत्र और 22-23 का मांग पत्र उपलब्ध नहीं कराए जाने पर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित संबंधित कर्मियों का अक्टूबर माह का वेतन अवरुद्ध करने का निर्देश सिविल सर्जन द्वारा दिया गया है. जिला लेखा प्रबंधक को पत्र निर्गत कर वर्ष 2018 अब तक एनएचएम के द्वारा शीर्ष 2211 के वेतन मद में दिए गए भुगतान के पूर्ण विवरणी तीन दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
20 सितंबर तक भुगतान नहीं तो होगा आंदोलन
इस बाबत जिला अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि शीर्ष 2211 के कर्मचारी सात आठ महीने से बिना वेतन के काम कर रहे हैं. विभागीय लापरवाही की वजह से अब तक वेतन नहीं मिल पा रहा है. यदि दुर्गा पूजा से पहले 20 सितंबर 22 तक सभी कर्मियों का वेतन भुगतान नहीं किया गया तो स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे. संगठन के पदाधिकारियों के साथ 2211 शीर्ष के सुमित चक्रवर्ती, विजय किशोर प्रसाद, बबीता कुमारी, इंदु कुमारी सिन्हा, शालिनी कुमारी, उर्मिला कुमारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे.
Vinita
Next Story