देवघर में श्रावणी मेले की हुई शुरुआत, 35 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

देवघर। झारखंड के देवघर में बृहस्पतिवार को श्रावणी मेले की शुरुआत हुई, जिसमें देशभर से इस साल 35 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि मेले के लिए विस्तृत तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी की वजह से करीब दो साल के बाद श्रावणी मेले का आयोजन किया जा रहा है और यह देश के सबसे बड़े मेलों में से एक है। अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास शुरू होने के साथ कावंड यात्रा भी शुरू हो गई है। इसके तहत कावंड़िए बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर 105 किलोमीटर करी दूरी तय कर देवघर के बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जो 12 ज्योर्तिलिंगों में से एक है।
यह मेला करीब एक महीने तक चलेगा। राज्य के कृषिमंत्री बादल पत्रलेख एवं भाजपा के स्थानीय सांसद डा. निशिकान्त दुबे ने श्रावणी मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान झारखंड सीमा पर अवस्थित दुम्मा कांवरिया पथ श्रावणी मेले का विधि-विधान पूर्वक शुभारंभ करने हेतु 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा की गयी। आयोजकों को उम्मीद है कि देवघर के हवाई मार्ग से भी जुड़ने से इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी।