झारखंड

सोना-सोबरन विद्यालय में लगेगी शिबू सोरेन की प्रतिमा

Saba Naaz
26 July 2026 5:00 PM IST
सोना-सोबरन विद्यालय में लगेगी शिबू सोरेन की प्रतिमा
x

रामगढ़: नेमरा में दिवंगत झारखंड आंदोलनकारी और दिशोम गुरु के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन की बरसी कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। उनके पैतृक गांव नेमरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटांड स्थित सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि आगामी 4 अगस्त को मुख्यमंत्री अपने दिवंगत पिता शिबू सोरेन की बरसी में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचेंगे। इसी दौरान सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से काम कराया जा रहा है।

उपायुक्त ऋतुराज शनिवार सुबह करीब नौ बजे ही लुकैयाटांड स्थित विद्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से पूरे मैदान की सफाई के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है। पुराने और जर्जर विद्यालय भवन को भी पूरी तरह हटा दिया गया है, ताकि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सके।

प्रतिमा का अनावरण पुराने विद्यालय भवन के समीप बनाए गए स्थान पर किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को 3 अगस्त तक अपने-अपने कार्य पूरे कर प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद कार्यक्रम स्थल की अंतिम तैयारियों को पूरा किया जाएगा।

बरलंगा से लेकर नेमरा तक सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम भी तेजी से चल रहा है। बिजली विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय है और पुराने बिजली पोल, जर्जर तार और खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम को देखते हुए दिन-रात काम कराया जा रहा है, ताकि आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त ने नेमरा में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी संबंधित विभागों के अधिकारियों से ली। अचानक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों में भी सक्रियता बढ़ गई। कई विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों की स्थिति की जानकारी दी।

शनिवार देर शाम अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने भी लुकैयाटांड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का पूरा ध्यान कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है।

निरीक्षण के दौरान गोपनीय प्रभारी रवींद्र कुमार गुप्ता, बरलंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार, अंचल अधिकारी सीताराम महतो सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और राज्य की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी बरसी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों और लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

Next Story