झारखंड

सात लोगों की दर्दनाक मौत

Saba Naaz
26 Jun 2026 4:07 PM IST
सात लोगों की दर्दनाक मौत
x

झारखंड: रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग स्थित बारलोंग के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई दी। मृतकों की पहचान रामगढ़ जिले के मारंगमरचा गांव के निवासियों के रूप में की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (जेएच-02क्यू-8268) में ताशा पार्टी के सदस्य सवार थे, जो गोला से रामगढ़ की ओर एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ से बोकारो की ओर तेज रफ्तार में जा रहे कोयला लदे ट्रक (जेएच-02एए-4786) ने अचानक विपरीत दिशा में आकर पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग वाहन में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद पूरे मारंगमरचा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारलोंग के पास स्थित यह मोड़ बेहद खतरनाक है। यहां न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है, न ही स्पीड ब्रेकर और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उनका कहना है कि यदि सड़क सुरक्षा के इंतजाम होते तो यह बड़ा हादसा टल सकता था।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों में इसी स्थान पर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है, जिसमें कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और डिवाइडर लगाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Next Story