झारखंड

साहिबगंज हादसा, ट्रेलर की चपेट में 3 की मौत

Saba Naaz
22 Jun 2026 9:46 PM IST
साहिबगंज हादसा, ट्रेलर की चपेट में 3 की मौत
x

Jharkhand: साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-80 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 4 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा बरहरवा-पश्चिम बंगाल फरक्का मार्ग पर बरारी के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक परिवार पश्चिम बंगाल के फरक्का से अपने घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर साहेबडागा निवासी बदरुल शेख का परिवार बाइक से सफर कर रहा था। बाइक को उनका 22 वर्षीय पुत्र लालू शेख चला रहा था। उनके साथ आईसा खातून (37), रौली खातून (15) और एक 4 वर्षीय बच्ची सवार थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 4 वर्षीय बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच-80 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक मौत से गांव में मातम पसर गया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story