
झारखंड: हजारीबाग जिले के गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मिश्राइनमोढ़ा के चूल्हाबेड़ा निवासी सोढ़न बेदिया और देवनारायण बेदिया बाइक संख्या JH 24E 9328 से बिहार फाउंड्री रांची रोड की ओर काम पर जा रहे थे। इसी दौरान गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार हाइवा (JH 02BQ 5854) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सोढ़न बेदिया बाइक समेत हाइवा के पहिए के नीचे फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल देवनारायण बेदिया को प्राथमिक इलाज के बाद रामगढ़ रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद समय पर मदद नहीं मिली, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और घायल के बेहतर इलाज की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, लोग तुरंत कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हाइवा चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





