झारखंड

1,042 सहायक शिक्षकों की बहाली पूरी, मुख्यमंत्री ने दी बधाई।

Saba Naaz
29 Jun 2026 6:27 PM IST
1,042 सहायक शिक्षकों की बहाली पूरी, मुख्यमंत्री ने दी बधाई।
x

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रांची के खेलगांव में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1,042 नवचयनित सहायक आचार्यों (शिक्षकों) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में नवनियुक्त शिक्षक अपने परिवारों के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा नजर आया। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और झारखंड के मुख्य सचिव भी उपस्थित रहे।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और हमारी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री

नियुक्ति पत्र वितरण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षकों को उनकी बड़ी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि अब आने वाली पीढ़ी का भविष्य तय करना आपके हाथों में है। सरकारी संस्थानों पर उठने वाली उंगलियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि साढ़े तीन करोड़ की आबादी वाले इस राज्य की व्यवस्था संभालना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन अगर हम सभी एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने 'सिविक सेंस' (नागरिक चेतना) को मजबूत कर लें, तो परिस्थितियां खुद-ब-खुद बदल जाएंगी। मुख्यमंत्री ने विपक्ष और विरोधी विचारधाराओं पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ विकृत विचारधारा के लोग अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए समाज में आग लगाने का काम कर रहे हैं, हमें इससे सतर्क रहना होगा। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले कार्यकाल को मिलाकर अब तक 55 हजार से भी अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' की सफलता का उदाहरण देते हुए बताया कि आज इन सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए 50 हजार से अधिक आवेदन आ रहे हैं, जो शिक्षा के बदलते स्तर को दर्शाता है। स्कूलों में विज्ञान शिक्षकों की बहाली पर जोर देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि अब सरकारी स्कूलों से पढ़कर भी बच्चे इंजीनियर और डॉक्टर बनेंगे।

बेरोजगारी दूर करने का प्रयास: वित्त मंत्री

समारोह में मौजूद वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस सपने के साथ अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था, उसे हेमंत सोरेन पूरा कर रहे हैं। राज्य के सामने बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे दूर करने के लिए सरकार ने साल 2020 से अब तक 38,903 भर्तियां की हैं। उन्होंने नए शिक्षकों से कहा कि छात्रों को बेबाक होकर सवाल पूछने की आजादी दें और उन्हें भविष्य की चुनौतियों तथा नौकरियों के लिए तैयार करें।

सीपीडी कार्यक्रम 2026 की शुरुआत

इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में शिक्षण के स्तर को और अधिक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से 'सतत व्यावसायिक विकास' (CPD) कार्यक्रम 2026 का विधिवत उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य शिक्षकों की शिक्षण क्षमता को बढ़ाना और झारखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

Next Story