झारखंड

Ranchi: जयपाल सिंह स्टेडियम में आधी रात पहुंचे अधिकारी, भाजपा ने मांगा जवाब

Admindelhi1
12 Aug 2026 3:14 PM IST
Ranchi: जयपाल सिंह स्टेडियम में आधी रात पहुंचे अधिकारी, भाजपा ने मांगा जवाब
x
स्टेडियम में आधी रात प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी पर भाजपा ने जताई आपत्ति

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार को भी जारी है। इस बीच मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे उपायुक्त (डीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम), और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) समेत कई प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। देर रात बड़ी संख्या में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से आंदोलनरत छात्रों में तनाव और आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई।

प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने पर छात्रों को आशंका हुई कि उन्हें धरना स्थल से हटाने या हिरासत में लेने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र स्टेडियम में जुट गए और प्रशासन के सामने डटे रहे। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

हालांकि, जिला प्रशासन ने छात्रों को जबरन हटाने या हिरासत में लेने की किसी भी कार्रवाई से इनकार किया। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि अधिकारी भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का हालचाल जानने और उन्हें कुछ खाने के लिए समझाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक भूख हड़ताल से छात्रों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। प्रशासन छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर लगातार प्रयास करता रहेगा।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने भी छात्रों को जबरन हटाने या हिरासत में लेने की बात को खारिज किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले आंदोलन स्थल पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी। इसके बाद आंदोलन की कोर कमेटी ने कुछ बाहरी और असामाजिक तत्वों के आंदोलन में शामिल होने की आशंका जताई थी।

सिटी एसपी के अनुसार, पुलिस टीम ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान करने के लिए मौके पर पहुंची थी, ताकि कोई आपराधिक तत्व भीड़ का फायदा उठाकर माहौल खराब न कर सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों को हिरासत में लेना नहीं था।

पारस राणा ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की टीम के पहुंचने के दौरान कुछ इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर भी मौके पर मौजूद थे। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए यह अफवाह फैल गई कि पुलिस छात्रों को हिरासत में लेने पहुंची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

भाजपा नेताओं ने प्रशासन पर उठाए सवाल

देर रात धरना स्थल पर प्रशासनिक टीम के पहुंचने की सूचना के बाद भाजपा के नेता भी मौके पर पहुंचे और छात्रों के समर्थन में खड़े नजर आए। भाजपा विधायक राज सिन्हा ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन को कोई कार्रवाई करनी है तो वह दिन के उजाले में खुले तौर पर करे।

उन्होंने देर रात स्टेडियम के आसपास पुलिस बल की तैनाती और कथित तौर पर स्ट्रीट लाइट बंद किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। राज सिन्हा ने कहा कि रात के समय बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से छात्रों के बीच भय का माहौल बना।

भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी देर रात भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को धरना स्थल से हटाने के लिए पुलिस कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि इतनी रात में डीसी और एसएसपी का बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचना सामान्य घटना नहीं है।

हालांकि, देर रात तक छात्रों को हटाने या हिरासत में लेने जैसी कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने अपनी मौजूदगी को छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा बताया, जबकि भाजपा नेताओं और आंदोलनरत छात्रों ने देर रात हुई प्रशासनिक गतिविधियों पर सवाल उठाए।

फिलहाल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्र धरने पर बैठे हैं।

Next Story