
Ranchi : रविवार को रांची विश्वविद्यालय प्रांगण स्थित आर०के० आनंद गैलरी में रांची जिला वॉलीबॉल संघ की बैठक आयोजित की गई. इसमें पूर्व से निर्धारित एजेंडा के अनुसार रांची जिला वॉलीबॉल संघ का पुनर्गठन किया गया. बैठक की अध्यक्षता रांची जिला वॉलीबॉल संघ के वाइस चेयरमैन प्रमोद कुमार सिंह ने की. इस दौरान चेयरमैन के पद पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय को जबकि वाइस चेयरमैन के पद पर तथा जेपी स्पोर्ट्स के संचालक प्रमोद कुमार को मनोनीत किया गया. सर्वसम्मति से शेखर बोस को रांची जिला वालीबाल संघ का अध्यक्ष तथा विकास वर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया. राजेश कुमार सिंह को सचिव एवं राम सुधीर झा बतौर कोषाध्यक्ष चुने गये. बैठक के दौरान सभी चयनित पदाधिकारियों ने एक मत से जिला में वॉलीबॉल के अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित करने एवं आस पास के क्षेत्रों में जहां वॉलीबॉल के क्रियाकलापों में कभी आई है, उसे पुनर्जीवित करने का सार्थक प्रयास करने का संकल्प भी लिया.
