
झारखंड: रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 30 जून की सुबह करीब 8:40 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बलसगरा गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष द्वारा बालेश्वर पटेल के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए रामगढ़ के होप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडू थाना में मामला दर्ज किया गया है। केस संख्या 151/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुंतला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।





