
JHARKHAND:झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए मतदान में सभी 81 विधायकों ने अपने वोट डाल दिए हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन अब सबसे ज्यादा चर्चा जेएलकेएम विधायक जयराम महतो के एक वोट को लेकर हो रही है, जिसे निर्णायक माना जा रहा है।
दोनों खेमों ने किया संपर्क
जयराम महतो ने बताया कि एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों की ओर से उनसे संपर्क किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से भी बातचीत की कोशिश हुई। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उन्होंने किस उम्मीदवार को समर्थन दिया है।
विकास को बताया प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि झारखंड के विकास के साथ खड़े हैं। उनके अनुसार उनका समर्थन उसी उम्मीदवार को मिलेगा जो राज्य और उनके क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर काम करेगा और दिल्ली में मजबूत प्रतिनिधित्व दे सकेगा।
भाजपा विधायक के दावे को किया खारिज
भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा समर्थन मिलने के दावे को जयराम महतो ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका वोट पूरी तरह निजी निर्णय है और किसी भी दल के साथ पहले से कोई सहमति नहीं बनी है।
हॉर्स ट्रेडिंग पर दिया बयान
हॉर्स ट्रेडिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर वोटों के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आता है तो इस तरह की चर्चाएं स्वाभाविक हैं, लेकिन वह किसी भी खेमे का हिस्सा नहीं हैं और स्वतंत्र रूप से निर्णय लेते हैं।
सस्पेंस बरकरार
जयराम महतो ने कहा कि उनका वोट किसे जाएगा, यह अभी खुलासा नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे सस्पेंस में रखते हुए कहा कि दोनों उम्मीदवार योग्य हैं, लेकिन अंतिम फैसला विकास के आधार पर होगा।





