झारखंड

झारखंड के इन इलाके में हुई बारिश, रांची में दो लोगों की मौत

Rani Sahu
3 May 2022 5:01 PM GMT
झारखंड के इन इलाके में हुई बारिश, रांची में दो लोगों की मौत
x
झारखंड में साइक्लोनिक सरकुलेशन और टर्फ लाइन के प्रभाव से कई इलाकों में मंगलवार को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई

झारखंड में साइक्लोनिक सरकुलेशन और टर्फ लाइन के प्रभाव से कई इलाकों में मंगलवार को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। रांची, हजारीबाग और इसके आसपास के ग्रामीण इलाके समेत अन्य स्थान पर ओलावृष्टि हुई है। इससे खेतों में खड़ी तरबूज, खरबूज, ककड़ी, खीरा और सब्जीवर्गीय फसल को नुकसान पहुंचा है। रांची के बुंडू हुंटाजड़ेया निवासी 44 साल के पुष्कर मुंडा और पतरातू के पारगढ़ा निवासी गणेश महतो की ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई।

सिस्टम के प्रभावी होने से बंगाल की खाड़ी से नम हवा का बहाव झारखंड की ओर होता रहा। इससे बारिश होने पर मौसम थोड़ा सुहाना हुआ। ठंडी हवा का बहाव होते रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई जिससे लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का बहाव हेाता रहा।
मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश साहिबगंज के राजमहल में 65.4 मिमी रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दुमका में 49.2, गोड्डा में 48.4, जरमुंडी में 49.0, पत्थरगामा में 36.2, बोरियो में 21.0, हजारीबाग में 14.0, देवघर में 13.0, मेघावन में 10.2, जामताड़ा में 6.4 मिमी बारिश हुई।
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक एससी मंडल ने बताया कि रांची समेत राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान अभी 40 डिग्री सेसि से नीचे चल रहा हैं। उन्होंने बताया कि सिस्टम के सक्रिय रहने और बंगाल की खाड़ी से नम हवा का बहाव होते रहने से सात मई तक राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिण एवं मध्य भाग में कुछ स्थान पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। आठ और नौ मई को राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश होगी। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच दिन तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
Next Story