झारखंड

छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के रघुबर दास, जांच की मांग

SHIDDHANT
12 Aug 2026 10:16 PM IST
छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के रघुबर दास, जांच की मांग
x
Ranchi रांची। झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुबर दास ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के गेट के बाहर छात्रों को जिस तरह पुलिस ने घेरकर पीटा, वह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है।
रघुबर दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को चारों तरफ से पुलिस ने घेर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि अंग्रेजों के शासनकाल में भी इस तरह की कार्रवाई नहीं हुई होगी। भाजपा नेता ने कहा कि जो भी अधिकारी इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। रघुबर दास ने कहा कि झारखंड में छात्र पिछले करीब 20 दिनों से अनशन और धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
रघुबर दास ने झारखंड सरकार में शामिल कांग्रेस के मंत्रियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चार
मंत्री
पुलिस कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भी पुलिस की कार्रवाई की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि जिन चार मंत्रियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर डीजीपी को पत्र लिखा है, उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि छात्रों के मुद्दे को लेकर दिल्ली में विपक्ष की ओर से आवाज उठाई जाती है, लेकिन झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर बातचीत करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Next Story