
Jharkhand: पलामू जिले के हुसैनाबाद में उत्तर कोयल जलाशय परियोजना के तहत बन रहे एक पुल में महज एक महीने के भीतर दरार पड़ने का दावा सामने आया है। दरुआ बेनी पंचायत के पास मुख्य नहर (आरडी 84.846) पर बन रहे इस पुल को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई। आरोप है कि ढलाई के समय सेटरिंग के नीचे मिट्टी भरकर काम किया गया, जिसे बाद में हटाने पर ढांचे में दरारें दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दरारों को छिपाने की कोशिश की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया है। ग्रामीणों और किसानों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शुरुआती चरण में ही ऐसी स्थिति है तो भविष्य में सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो सकता है।
इस परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि इसके पूरा होने से हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवालों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि विभाग की ओर से अब तक पुल में दरार की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही कोई विस्तृत बयान जारी हुआ है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।





