झारखंड

पश्चिम सिंहभूम में सड़क निर्माण पर सवाल

Saba Naaz
4 July 2026 5:54 PM IST
पश्चिम सिंहभूम में सड़क निर्माण पर सवाल
x

पश्चिमी सिंहभूम: के आनंदपुर से समीज को जोड़ने वाली 13 किलोमीटर लंबी मेन सड़क निर्माण पूरा होने से पहले ही खराब हालत में पहुंच गई है। सड़क की सतह कई जगहों से उखड़ चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है। यह सड़क आनंदपुर और मनोहरपुर प्रखंड को चाईबासा और चक्रधरपुर जैसे मुख्यालयों से जोड़ने के साथ-साथ ओडिशा, जमशेदपुर और अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक महत्वपूर्ण मार्ग मानी जाती है।

ग्रामीण कार्य विभाग के तहत इस सड़क का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था। निर्माण कार्य के शुरुआती दौर से ही इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनते समय ही कई हिस्सों में पिच उखड़ने लगी थी, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह पैदा हुआ। शिकायतों के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी और अनियमितताओं पर संवेदक और अभियंताओं को फटकार लगाई थी, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने में करीब चार साल लग गए, लेकिन इसका लाभ ठीक से मिल भी नहीं पाया। ग्रामीणों के अनुसार, एक तरफ निर्माण कार्य चल रहा था और दूसरी तरफ सड़क टूटती जा रही थी, जो सरकारी धन के दुरुपयोग को दर्शाता है। ग्रामीण मनोज दास ने बताया कि सड़क शुरू होने पर लोगों में उम्मीद जगी थी कि आवागमन आसान होगा, लेकिन अब स्थिति उलट है। कृष्णा समद ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

बाघचट्टा के ग्राम मुंडा दिलीप मरांडी ने कहा कि सड़क पूरी तरह बनने से पहले ही कई हिस्सों में मरम्मत की जरूरत पड़ गई थी। वहीं गुड़गांव के ग्रामीण लोचन नायक ने बताया कि सड़क के खराब होने से समीज, गुड़गांव, बाघचट्टा और पहाड़डीहा के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस मार्ग का जल्द से जल्द दोबारा मजबूत और चौड़ा निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

Next Story