
Jharkhand:रांची में झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ का महाधरना दूसरे दिन भी जारी रहा। राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे मनरेगा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन में शामिल कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
कर्मियों की मुख्य मांगों में ग्रेड-पे आधारित वेतन व्यवस्था लागू करना, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्थायी समायोजन शामिल है। इसके अलावा दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने और अन्य लंबित मांगों के समाधान की भी मांग की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि ग्रामीण विकास योजनाओं में उनकी अहम भूमिका के बावजूद उन्हें उचित वेतन और सुरक्षा नहीं मिल रही है। संघ के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लेती है तो 17 जून से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही 19 जून को राजभवन से जयपाल सिंह स्टेडियम तक मानव श्रृंखला बनाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कर्मियों ने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर हुई वार्ता में सकारात्मक संकेत मिले थे, लेकिन उसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में निराशा और असंतोष बढ़ता जा रहा है। धरना स्थल पर विभिन्न जिलों से आए कर्मियों ने एकजुट होकर सरकार से जल्द समाधान की मांग की।





