झारखंड

प्रिंस खान के गुर्गों ने निगम ठेकेदार के घर पर चलाईं गोलियां, फायरिंग कर फरार

Rani Sahu
22 May 2022 6:30 PM GMT
प्रिंस खान के गुर्गों ने निगम ठेकेदार के घर पर चलाईं गोलियां, फायरिंग कर फरार
x
वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के पांच गुर्गों को जेल भेजने के बावजूद उसका आतंक कम नहीं हो रहा है

वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के पांच गुर्गों को जेल भेजने के बावजूद उसका आतंक कम नहीं हो रहा है। शनिवार की देर रात करीब तीन बजे प्रिंस खान के दो गुर्गों ने भूली ओपी के आजाद नगर इलाके में नगर निगम के ठेकेदार मतलूब अंसारी के घर फायरिंग की। बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने मतलूब के घर के बाहर हवाई फायरिंग की और वहां से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि प्रिंस खान पिछले कई दिनों से मतलूब को रंगदारी के लिए व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज कर रहा था। जब मतलूब ने रंगदारी देने से इंकार कर दिया तो उनके घर फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। फायरिंग की घटना के बाद मतलूब और उनके घरवाले दहशत में हैं। वासेपुर, पांडरपाला और आजाद नगर में कई लोग इस वारदात के बाद सहम गए हैं। घटना की जानकारी पाकर भूली और बैंक मोड़ पुलिस मौके पर पहुंची। वहां से कुछ खोखा बरामद करने की बात कही जा रही है। हाल ही में पुलिस ने प्रिंस खान के इशारे पर तीन वारदातों को अंजाम देने वाले उसके पांच शागिर्दों को जेल भेजा था। पुलिस मान रही थी कि अब प्रिंस खान की गतिविधि कम होगी, लेकिन वह बाज नहीं आ रहा है।
फरार शूटर टीपू ने की फायरिंग
पुलिस मान रही है कि प्रिंस खान के लिए काम करने वाला उसका शूटर टीपू व एक अन्य ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। अप्सरा बाजार के मालिक सलीम के घर और मटकुरिया टायर शोरूम पर उसी ने फायरिंग की थी। साथ ही पांडरपाला में डबलू अंसारी पर भी टीपू ने ही गोलियां बरसाई थीं। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी थी। इधर उसने फिर निगम ठेकेदार के घर फायरिंग कर पुलिस के समक्ष नई चुनौती पेश कर दी।
पुलिस न्यायालय से मांगेगी कुर्की का आदेश
बैंक मोड़ पुलिस ने पांच मई की दोपहर वासेपुर कमर मखदुमी रोड नीचे मुहल्ला स्थित प्रिंस खान के घर कुर्की का इश्तेहार चिपकाया था। रंगदारी के एक पुराने मामले में 15 दिनों के अंदर सरेंडर नहीं करने पर उसका घर कुर्क करने की चेतावनी दी गई थी। प्रिंस खान 22 नवंबर 2021 को हुई नन्हे की हत्या के बाद से ही फरार है। पुलिस की चेतावनी का उस पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। पुलिस एक-दो दिनों में प्रिंस खान के घर कुर्की की कार्रवाई के लिए न्यायालय से आदेश ले सकती है।
Next Story