झारखंड

कपाली में लूटकांड का मुख्य आरोपी पकड़ा गया

Saba Naaz
22 Jun 2026 3:16 PM IST
कपाली में लूटकांड का मुख्य आरोपी पकड़ा गया
x

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में हुई लूट और फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को विशेष टीम ने जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में अहम प्रगति दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे की है, जब कबीरनगर स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में अपराधियों ने घुसकर संचालक सारिक परवेज से रंगदारी की मांग की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में कपाली ओपी में कांड संख्या 57/2025 दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पहले ही इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। हालांकि मुख्य आरोपी सारिक साह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद उसे जमशेदपुर के बागानशाही रोड नंबर-07 स्थित मुर्दा मैदान के पास से दबोच लिया।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और गोली पहले ही एक अन्य आरोपी की निशानदेही पर बरामद की जा चुकी है। मामले की जांच वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कपाली, पोटका, गोविंदपुर समेत कई थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब-इंस्पेक्टर रणजीत कुमार सिंह, एएसआई मनोज कुमार राय, हवलदार कृष्ण चंद्र बिरुआ और टाइगर मोबाइल के आरक्षी दस्तगीर आलम सहित विशेष टीम शामिल थी।

पुलिस की इस सफलता के बाद इलाके में राहत की भावना है, जबकि जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

Next Story