झारखंड

सरकारी स्कूलों के प्राथमिक शिक्षकों को मिलेगी प्रोन्नति व एमएसीपी

Admindelhi1
26 Feb 2024 9:21 AM GMT
सरकारी स्कूलों के प्राथमिक शिक्षकों को मिलेगी प्रोन्नति व एमएसीपी
x
38 शिक्षक हुए सम्मानित

जमशेदपुर: सरकारी स्कूलों के प्राथमिक शिक्षकों को जल्द ही लंबित प्रोन्नति व एमएसीपी का लाभ मिलेगा। शिक्षक लंबे समय से वेतन वृद्धि से वंचित हैं। अब इसको लेकर शिक्षा सचिव के साथ वार्ता हो चुकी है और जल्द ही इसे लेकर खुशखबरी आने की संभावना है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ल ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सचिव से इस विषय पर वार्ता हो चुकी है और सकारात्मक आश्वासन मिला है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई का शिक्षक मिलन समारोह सह वनभोज का आयोजन आदिवासी एसोसिएशन हॉल सीतारामडेरा में किया गया था।

इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से 400 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कोल्हान की क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक निर्मला बरेलिया, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडे, झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्याध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ल, राज्य महासचिव निखिल मंडल, संध्या प्रधान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मंच संचालन अरुण कुमार एवं स्वागत भाषण दाखिन टुडू ने किया। स्वागत गान बसंती कुजूर, सुलोचना कुजूर व अन्य ने किया। कार्यक्रम में सरायकेला के जिला सचिव अमित कुमार, राजेंद्र कुमार कर्ण, खुदी राम महाली, जगदीश मंडल, सुधीर चंद्र मुर्मू, सहित अन्य ने सम्बोधित किया।

38 शिक्षक हुए सम्मानित

जमशेदपुर के दोनों शैक्षणिक प्रखंड के 38 अवकाश प्राप्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, सभी प्रखंडों के उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके विशिष्ट कार्य के लिए सम्मान दिया गया। राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि 20 वर्ष बाद जिनको ग्रेड 7 का लाभ दिया जाएगा, उनका वेतन एफडीआई 22 (1) (क) के अनुसार होगा। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि लम्बित प्रोन्नति यथाशीघ्र दी जाए। इसपर मुख्य अतिथि बरेलिया ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का निदान उनकी प्राथमिकता में है।

Next Story