झारखंड

एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर सियासी घमासान

Ashish verma
27 Jun 2026 8:46 PM IST
एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर सियासी घमासान
x

धनबाद/निरसा। झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में बन रहा 400 करोड़ रुपये का एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य पिछले डेढ़ महीने से पूरी तरह बंद पड़ा है। विकास की इस बड़ी परियोजना के ठप होने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सांसद ढुल्लू महतो तथा विधायक अरूप चटर्जी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। सांसद ढुल्लू महतो ने विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “अनुकंपा विधायक” बताया। उन्होंने कहा कि विधायक का विकास कार्यों से कोई लेना-देना नहीं है और वे ठेकेदारों से “मिलने” की बात करते हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर कार्य को रोकने के पीछे अवैध वसूली और दबाव की राजनीति की भूमिका है। उन्होंने दावा किया कि परियोजना को धरातल पर उतारने की पूरी प्रक्रिया उनके समर्थन से आगे बढ़ी है।

वहीं विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस परियोजना की मंजूरी में सांसद का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों ने कार्य को उप-ठेका (सब-कॉन्ट्रैक्ट) देकर स्थानीय लोगों को रोजगार से वंचित किया है। विधायक ने आरोप लगाया कि बाहर से आए माफिया जैसे तत्व स्थानीय संसाधनों और श्रमिकों को दरकिनार कर काम कर रहे हैं। अरूप चटर्जी ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के सम्मान और रोजगार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्थानीय लोगों को रोजगार और ठेकेदार की स्पष्ट जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

इधर, जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य बंद होने की मुख्य वजह स्थानीय विरोध बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई और गार्ड वालिंग कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय संगठनों और भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना है कि इस बड़े प्रोजेक्ट में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मिलना चाहिए और पर्यावरणीय नियमों का पालन होना चाहिए। विरोध के चलते पिछले 45 दिनों से निर्माण स्थल पर काम पूरी तरह ठप है और साइट पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इससे न केवल परियोजना की गति प्रभावित हुई है, बल्कि क्षेत्र में राजनीतिक तनाव भी बढ़ गया है।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन विवाद के कारण परियोजना आगे बढ़ना मुश्किल बना हुआ है।

Next Story