
Jharkhand: लोहरदगा में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोहरदगा थाना पुलिस ने अलीनगर इलाके में छापेमारी कर 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकद रुपये और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम ने अलीनगर स्थित एक खाली मकान में छापेमारी की, जहां दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 3,015 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद ब्राउन शुगर को तीन बड़े और 20 छोटे पुड़ियों में रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टोरी थाना क्षेत्र निवासी इसरोज अंसारी उर्फ हैदर (27 वर्ष) और हिरही बड़काटोली निवासी जावेद अंसारी उर्फ बिल्ला (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। इसरोज अंसारी पर पहले से लोहरदगा थाना में मामला दर्ज है, जबकि जावेद अंसारी के खिलाफ लोहरदगा, पतरातू और कुडू थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई केस दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 89/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस छापेमारी में सदर अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो भी मौजूद रहे। पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





