
Jharkhand: गुमला में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन चांडाली में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों को दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने की विस्तृत ट्रेनिंग दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखना है।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास किया, जिसमें भीड़ को नियंत्रित करना, सुरक्षा घेरा बनाना, उपद्रवियों की पहचान करना और त्वरित कार्रवाई करना शामिल रहा। इसके साथ ही वायरलेस संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया गया। दंगा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों के उपयोग की भी जानकारी दी गई।
इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व सार्जेंट अभिमन्यु कुमार ने किया। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व पर पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ऐसे में हर जवान को अनुशासन, सतर्कता और धैर्य के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का काम केवल शांति व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा और भरोसे का माहौल तैयार करना भी है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
जानकारी के अनुसार इस बार गुमला शहर में मुहर्रम का जुलूस नहीं निकलेगा, लेकिन जिले के ग्रामीण इलाकों में ताजिया और जुलूस की तैयारियां चल रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।





