पुलिस ने चर्चित स्वास्थ्यकर्मी प्रमोद सिंह को गोली के साथ दबोचा

धनबाद न्यूज़: एसीबी जांच के लपेटे में आए चर्चित स्वास्थ्यकर्मी व कोयला कारोबारी प्रमोद सिंह को बंगाल के दुर्गापुर एयरपोर्ट पर पिस्टल की गोली के साथ पकड़ा गया है. प्रमोद सिंह को हिरासत में लेकर अंडाल पुलिस पूछताछ कर रही है. फ्लाइट से चेन्नई जाने के लिए वह की दोपहर एयरपोर्ट पहुंचा था. फ्लाइट पर बोर्डिंग से पहले एयरपोर्ट पर हो रही लगेज स्कैनिंग में उसके बैग में एक गोली मिली.
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने प्रमोद सिंह को फौरन पकड़ लिया. इसके बाद उसे अंडाल थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया. प्रमोद इलाज के लिए वेल्लोर जाने के लिए निकला था. पुलिस अधिकारी शांतनु अधिकारी ने प्रमोद के पास मिली गोली की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रमोद से पूछताछ हो रही है. प्रमोद पुलिस के समक्ष बार-बार कह रहा है कि गलती से उसके बैग में गोली आ गई. वह इस संबंध में पूरी तरह से अनभिज्ञ था.
एसीबी जांच के बाद चर्चा में आया था प्रमोद
भूली टेंपो स्टैंड निवासी प्रमोद सिंह चासनाला स्थित जोड़ापोखर सह झरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अनुबंध पर ब्लॉक एकांउट मैनेजर के पद पर कार्यरत था. आठ जून 2016 को प्रमोद के खिलाफ एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति की प्राथमिकी दर्ज की थी. 22 जून 2016 को उसके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी हुई थी. एसीबी जांच के दौरान वह एकाएक चर्चा में आया था. पिछले दिनों अवैध कोयला कारोबार के मामले में खनन विभाग ने प्रमोद व अन्य के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी.





