
Jharkhand:सिमडेगा। कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशियों से लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने वाहन से 3 भैंस और 6 गाय बरामद की हैं। घटना के दौरान तस्करों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण उनकी योजना विफल हो गई।
पुलिस की घेराबंदी में फंसे तस्कर, 6 गाय-भैंस बरामद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से अवैध रूप से पशुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रास्ते में बैरिकेडिंग कर घेराबंदी कर दी। जैसे ही पिकअप वैन वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैरिकेड तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की, जिससे बैरिकेड क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद ब्रेकर के कारण वाहन में तकनीकी खराबी आ गई और वह आगे नहीं बढ़ सका। इसी दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
ड्राइवर फरार, वाहन और पशु जब्त पुलिस ने पीछा कर वाहन को कब्जे में ले लिया। वाहन नंबर JH 01GE 1770 को जब्त कर लिया गया है। बरामद पशुओं में कई घायल पाए गए, जिनमें दो की हालत गंभीर थी। पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका इलाज कराया गया। थाने में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।





