
Jharkhand: देवघर में होमगार्ड भर्ती 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर खुल गया है। बैठक में यह तय किया गया कि होमगार्ड भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जुलाई 2026 के मध्य से शुरू की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि किसी भी स्तर पर देरी या अव्यवस्था न हो।
जिला प्रशासन के अनुसार, राजकीय श्रावणी मेला 2026 के समापन के बाद भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट), लिखित परीक्षा और अंतिम चयन शामिल होगा। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चरण पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएं और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे। बैठक में यह भी तय किया गया कि आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही आवेदनों की स्क्रूटनी और दस्तावेजों के सत्यापन की तैयारी भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और कदाचार मुक्त होगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि चयन केवल योग्यता के आधार पर ही किया जाए। हालांकि अभी तक भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी नहीं हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सीटों की संख्या, योग्यता और अन्य दिशा-निर्देश आवेदन शुरू होते ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे युवाओं को पूरी जानकारी समय पर मिल सकेगी और वे आवेदन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।





