झारखंड

रांची में ओमीक्रोन ने दी दस्तक, पॉजिटिविटी खतरनाक स्तर पर पहुंची, 274 गुना हुए एक्टिव मरीजों की संख्या

Renuka Sahu
16 Jan 2022 3:33 AM GMT
रांची में ओमीक्रोन ने दी दस्तक, पॉजिटिविटी खतरनाक स्तर पर पहुंची, 274 गुना हुए एक्टिव मरीजों की संख्या
x

फाइल फोटो 

झारखंड में 22 दिसंबर से कोरोना मरीजों में हो रही लगातार वृद्धि का कारण ओमीक्रोन है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में 22 दिसंबर से कोरोना मरीजों में हो रही लगातार वृद्धि का कारण ओमीक्रोन है। इसकी पुष्टि आईएलएस, भुवनेश्वर से आई रिपोर्ट से हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के अनुसार भुवनेश्वर से आई 87 सैंपलों की जीनोम सिक्वेंसिग रिपोर्ट में 14 सैंपल में ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। जबकि, एक में डेल्टा एवं 32 सैंपल में डेल्टा के म्युटेंट मिले हैं। बता दें कि रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से एक जनवरी को ये सभी सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। सभी सैंपल रांची के रिम्स में ही लिए गए थे। ये सैंपल 13 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच के हैं। 12 दिसंबर तक के सैंपलों मेंओमीक्रान की पुष्टि नहीं हुई थी। उसमें तीन में डेल्टा वैरिएंट पाए गए थे। वहीं कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग व अन्य जिलों से भेजे गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।

जिला एक्टिव केस
रांची 12500
जमशेदपुर 7341
हजारीबाग 1993
रामगढ़ 1225
देवघर 946
पलामू 901
बोकारो 877
दुमका 830
चतरा 785
चाईबासा 729
धनबाद 681
कोडरमा 518
सरायकेला 469
लोहरदगा 444
गोड्डा 435
खूंटी 397
गुमला 362
जामताड़ा 323
सिमडेगा 310
साहेबगंज 228
लातेहार 212
पाकुड़ 179
560 गुना बढ़ी पॉजिटिविटी
संक्रमण में आई अचानक बढ़ोतरी की वजह से राज्य में बीते 13 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच 49840 मरीज मिले हैं। यही नहीं, बीते एक माह में राज्य में संक्रमण की रफ्तार में 560 गुणा बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। 3 दिसंबर को राज्य की पॉजिटिविटी रेट महज 0.01 प्रतिशत थी, जो शुक्रवार को 5.60 हो गयी है।
274 गुना हो गए एक्टिव मरीज
राज्य में 14 जनवरी तक बेशक ओमीक्रोन की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन विशेषज्ञ संक्रमण की रफ्तार में आई तेजी को ओमीक्रोन का असर ही बता रहे थे। यही वजह है कि बीते एक माह में (13 दिसंबर से 14 जनवरी) एक्टिव मरीजों की संख्या में रांची में जहां 167 गुणा, वहीं राज्य में 274 गुणा बढ़ोतरी हुई है। 13 दिसंबर को रांची में महज 75 एक्टिव मरीज थे, जो 14 जनवरी को बढ़कर 12500 पहुंच चुके हैं। वहीं राज्य में यह संख्या क्रमश: 121 से बढ़कर 33189 पहुंच चुकी है।
3258 नए कोरोना केस मिले
राज्य में शनिवार को मिले 3258 नए मरीजों के साथ ही राज्य में अब तक मिले कोरोना मरीजों की संख्या 04 लाख के आंकड़े को पार कर 4,02,533 पहुंच गयी है। यही नहीं, तीसरी लहर में पहली बार शनिवार को स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या नए मिले मरीजों से ज्यादा है। देखें साथ ही तीसरी लहर में पहली बार एक्टिव मरीजों की संख्या भी कम हुई है। शनिवार को राज्य में 3258 नए मरीज मिले हैं, जबकि, 3351 पुराने मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं, शुक्रवार को राज्य में एक्टिव मरीज 33189 थे जो शनिवार को 33089 हो गयी है। राज्य में लगातार चौथे दिन मरीजों की संख्या में कमी आई है। हालांकि शुक्रवार (5.60) की तुलना में शनिवार को (5.71)राज्य की पॉजिटिविटी रेट में 0.11 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को राज्य के छह जिलों में सात मरीजों की मौत हो गयी। जिसमें पूर्वी सिंहभूम में 2 जबकि, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़ व रांची में 1-1 मरीज की मौत हुई है।
Next Story