झारखंड

गया पुलिस के समक्ष 15 लाख के इनामी नक्सली अभ्यास भुइयां ने डाले हथियार

Admin Delhi 1
10 Feb 2023 6:47 AM GMT
गया पुलिस के समक्ष 15 लाख के इनामी नक्सली अभ्यास भुइयां ने डाले हथियार
x

रांची न्यूज: झारखंड निवासी 15 लाख के इनामी माओवादी नक्सली अभ्यास भुइयां उर्फ प्रेम भुइयां ने गुरुवार को बिहार की गया पुलिस के समक्ष हथियार के साथ सरेंडर कर दिया। उसपर बिहार पुलिस ने भी 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ बिहार में लूट, हत्या, आगजनी के 21 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा झारखंड के कई थाना क्षेत्रों में उसपर दो दर्जन से ज्यादा मामले हैं। नक्सली अभ्यास भुइयां उर्फ प्रेम भुइयां मूल रूप झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसने गया के रामपुर थाना क्षेत्र स्थित सीआरपीएफ 159 बटालियन स्थित परिसर में सीआरपीएफ के कमांडेंट कुमार मयंक एवं गया एसएसपी आशीष भारती के समक्ष हथियार डाले। उसने पुलिस को अपनी रायफल और 925 कारतूस सौंपे।

बताया जाता है कि नक्सली अभ्यास भुइयां नवंबर 2021 में गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के मोनबार गांव बघमरवा टोले में चार लोगों को फंदे से लटकाकर की गई हत्या में भी शामिल था। उसने एक परिवार के चार सदस्यों की घर में घुसकर हत्या के बाद चारों के शवों को घर के बाहर फंदे पर लटका दिया और फिर घर को बम से उड़ा दिया। वारदात के बाद नक्सलियों ने घर के बाहर एक पर्चा भी चिपकाया था। पुलिस के अनुसार अभ्यास भुइयां भाकपा माओवादी संगठन की रीजनल कमेटी का सदस्य था, जिसके लंबे समय से तलाश की जा रही थी। वर्ष 2003 में अभ्यास भुइयां नक्सली संगठन से जुड़ा था। वर्ष 2015 में उसे रीजनल कमांडर बनाया गया था।

Next Story