झारखंड

हत्याकांड के आरोपी को भेजा गया जेल

Saba Naaz
5 July 2026 5:50 PM IST
हत्याकांड के आरोपी को भेजा गया जेल
x

धनबाद : बलियापुर थाना क्षेत्र में हुए अजीत रवानी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ राजा रजवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह घटना 7 जून की रात आमझर स्थित श्री एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में हुई थी, जहां नाइट गार्ड अजीत रवानी और गाजन महतो ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के पोकलेन चालक राजकुमार अपने साथियों के साथ फैक्ट्री परिसर में शराब पीने पहुंचा। सुरक्षा गार्डों द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लोहे की रॉड से दोनों गार्डों पर हमला कर दिया गया।

हमले में घायल गाजन महतो को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जबकि अजीत रवानी लापता हो गए थे। बाद में उनका शव रानी रोड से गोलमारा जाने वाली सड़क किनारे बरामद हुआ था। मृतक अजीत रवानी बलियापुर के कुसमाटांड़ नीमटांड़ गांव के रहने वाले थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री के कर्मचारी हराधन महतो को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मामले में बड़ी सफलता मिली है। राजकुमार मूल रूप से बिहार के गया जिले के नीमचक थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में रह रहा था।

सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस टीम ने इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर नूतन मोदी और बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार सहित कई अधिकारियों की भूमिका को अहम बताया है।

Next Story