झारखंड

सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात

Admin Delhi 1
20 Sep 2023 8:30 AM GMT
सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से की मुलाकात
x
रांची से हावड़ा तक चलेगी वंदे भारत

जमशेदपुर: झारखंड में रांची से हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात जल्द ही मिलने वाली है। रेलवे तैयारी में लगा है हालांकि अब तक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। सांसद संजय सेठ ने आज केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है जिसमें उन्होंने जल्द ही परिचालन शुरू होने की बात कही है। सांसद ने रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल यात्री सुविधा विस्तार के लिए पूर्व में दिए गए आग्रह पत्र से अवगत कराया। मुरी, मैक्लुस्कीगंज और टाटीसिल्वे में ट्रेनों का ठहराव का मुद्दा उठाया है। सांसद ने रेल मंत्री को झारखंड आने का न्योता दिया है। चुटिया में ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी सांसद ने उठाया।

प्रधानमंत्री दिखायेंगे हरी झंडी

केद्रीय रेल मंत्री ने सेठ को बताया कि रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात बहुत जल्द मिलेगी। खुद माननीय प्रधानमंत्री इसे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया की रांची आकर यहां पर चल रही रेल परियोजनाओं की एक समीक्षा बैठक किया जाए, ताकि यहां रेलवे के कार्यों को और भी गति प्रदान हो सके। इस पर संसद को केंद्रीय रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द वह रांची आने की योजना बना रहे हैं। सभी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उसे और गति प्रदान की जाएगी।

चुटिया में ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी उठाया

सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री से मैक्लुस्कीगंज, मुरी और टाटीसिलवे में कोरोना काल से पहले चल रहे ट्रेनों के पुनः ठहराव का भी आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सांसद को बताया कि कई ट्रेनों का ठहराव रांची लोकसभा क्षेत्र को दिया जा चुका है। शीघ्र ही अन्य ट्रेनों का भी ठहराव आरंभ कर लिया जाएगा। इसके अलावा चुटिया में ओवरब्रिज निर्माण के मामले में भी सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन केंद्रीय रेल मंत्री ने दिया है।

Next Story