
Jharkhand: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान परदेशनी कुमारी (28) के रूप में हुई है। उसके साथ छह वर्षीय पुत्र अंश उरांव और चार वर्षीय पुत्री आस्मानी कुमारी की भी मौके पर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, परदेशनी कुमारी पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। बुधवार दोपहर वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकली और घर के पीछे स्थित कुएं के पास पहुंची। उसने पहले दोनों बच्चों को कुएं में फेंका और फिर खुद भी छलांग लगा दी।
कुछ देर बाद जब वह घर पर नहीं दिखी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुएं के पास कपड़ा तैरता मिला, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने कुएं से झागड़ डालकर तीनों शव बाहर निकाले।
घटना के समय पति खेत में काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।





