झारखंड

झारखंड में मानसून का आगमन, 19 से 22 जून तक होगी झमाझम बारिश

Renuka Sahu
19 Jun 2022 2:30 AM GMT
Monsoon arrives in Jharkhand, it will rain from 19 to 22 June
x

फाइल फोटो 

दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को बंगाल की खाड़ी से झारखंड के पूर्वी भाग में प्रवेश कर गया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को बंगाल की खाड़ी से झारखंड के पूर्वी भाग में प्रवेश कर गया। मानसून अभी संताल परगना प्रमंडल के साहिबगंज, गोड्डा और दुमका जिला के कुछ हिस्से में स्थापित हो चुका है। झारखंड में पिछले साल 12 जून को मानसून का आगमन हुआ था और 11 अक्तूबर को मानसून की झारखंड में विदाई हुई थी। झारखंड में मानसून के आगमन की न्यून तिथि 12 और रांची में 15 जून है।

राज्य में मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक आने वाले दो से तीन दिन में मानसून राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्से में स्थापित हो जाएगा। इस दौरान राज्य के विभिन्न इलाके में मानसून का प्रसार होगा और आसमान में बरसने वाले बादल छाने लगेंगे। उन्होंने बताया कि 19 से 22 जून तक राज्य के विभिन्न इलाके में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
राज्य के पूर्वोत्तर भाग में कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान मेघ गर्जन एवं वज्रपात का क्रम बढ़ेगा। इधर मानसून के आगमन के साथ ही राज्य के कई हिस्से में शनिवार को अच्छी बारिश हुई। आसमान में बरसने वाले बादल छाने से आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में राज्य मे सबसे अधिक जमशेदपुर में 68.5 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा नंदाडीह में 38.6, अड़की में 36.2, डुमरी और खलारी में 32.4, मेदिनीनगर में 32.0, लातेहार में 29.4, बालूमाथ में 22.0, चांडिल में 21.4, बोकारो थर्मल में 19.2, सिमडेगा में 18.0,जामताड़ा में 14.0, हजारीबाग में 12.5, रामगढ़ में 12.0 मिमी समेत दुमका, गोड्डा, सिमडेगा, खूंटी, चतरा, गिरिडीह, कोडरमा, लोहरदगा समेत अन्य जिले में बारिश हुई।
इधर शनिवार को मानसून के प्रभाव से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के बहाव के बीच रांची और इसके पश्चिमी भाग, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, मेदिनीनगर, गढ़वा, लातेहार, पूर्वी एवं सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, देवघर, गिरिडीह में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
सिमडेगा जिला में औसत सबसे अधिक और पलामू में सबसे कम बारिश
वर्षा ऋतु में जून से सितंबर माह में औसत 1022.9 मिमी बारिश होती है। यह औसत वर्ष 1971 से 2020 के वर्षवार मानसून ऋतु के आंकड़ो के औसत से निकाला गया है। राज्य में सबसे अधिक औसत बारिश सिमडेगा में 1294.7 मिमी होती है। सबसे कम वर्षा पलामू में 849.6 मिमी और रांची जिला में औसत बारिश 1027.7 मिमी होती है। मौसम केंद्र के मुताबिक देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर भगा में मनसून के आगमन की घोषणा दो दिन तक लगातार कम से क1 2.5 मिमी बारिश दर्ज होने और हवा की दिशा पश्चिमी के बजाय पूर्वी भ्राग की प्रमुखता होनी चाहिए।
18 दिन में सामान्य से कम हुई है बारिश
झारखंड में एक से 18 जून तक राज्य के 24 जिले में सामान्य से कम बारिश हुई है। राज्य के 24 जिले में सामान्य वर्षापात 74.9 मिमी की तुलना में 37.6 मिमी वास्तविक वर्षापात हुआ है। जो अभी तक की अवधि में 50 प्रतिशत विचलन में है।
Next Story