
x
रांची। द रांची प्रेस क्लब की ओर से आयोजित मीडिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 11 से 18 सितंबर तक होगा। दामोदर और गंगा टीम की भिड़ंत के साथ बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम होटवार में सुबह आठ बजे मैच का शुभारंभ होगा। सभी मैच एथलेटिक्स प्रैक्टिस ग्राउंड और बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ही होंगे। इसकी घोषणा पेयजल मंत्री सह झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मिथिलेश ठाकुर ने की। उन्होंने मीडिया कप ट्रॉफी और जर्सी का अनावरण भी किया। मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि प्रेस क्लब की एक बहुत ही सराहनीय पहल है कि वे पत्रकारिता के साथ खेल को भी महत्व दे रहे हैं। खेल विभाग के माध्यम से हमसे जो हो सकेगा, हम हर तरह का सहयोग उपलब्ध करायेंगे। इस मैच में झारखंड फुटबॉल संघ का तकनीकी सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि गढ़वा में खेलो गढ़वा का आयोजन किया जा रहा है, जो काफी सफल है।
मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि प्रेस क्लब में क्रिकेट, आर्चरी खेलों के साथ अब पहली बार फुटबॉल का भी आयोजन होने जा रहा है। आपको विश्वास दिलाते हैं कि बेहतर होगा और अच्छा होगा। मिश्रा ने कहा कि गढ़वा खेलों के तर्ज पर द रांची प्रेस क्लब खेलो की शुरुआत की भी घोषणा आज की जाती है। इससे पूर्व झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मिथिलेश ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों प्रतीक्षा बाड़ा, प्रिया सांडिया, मालती कुमारी, सुधा कुमारी एवं छोटानागपुर एथलेटिक संघ से जुड़े आशीष बोस और आसिफ नईम को पौधा देख कर सम्मानित किया।
Next Story





