
x
रांची समेत कई जिलों में बारिश का खतरा
रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार, 19 नवंबर को विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तूफान से निपटने के लिए हर स्तर पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में चक्रवात के कारण जान-माल का नुकसान कम से कम हो, इसके लिए सभी विभाग पहले से तैयार रहें। विशेष रूप से किसानों की खड़ी धान की फसल, निचले इलाकों में जलभराव, बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने करीब दो घंटे तक चली समीक्षा बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि उससे पहले ऐसी तैयारी करना है, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों, कृषि अधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर आपसी समन्वय बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी भी जिले में आपात स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें, ताकि आम जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस बैठक में सबसे अधिक चिंता किसानों की फसलों को लेकर जताई गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि झारखंड में अभी तक लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि करीब 75 प्रतिशत धान की फसल खेतों में खड़ी है। यदि चक्रवात के प्रभाव से लगातार बारिश होती है, तो खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। विशेष रूप से कटाई के लिए तैयार धान बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रभावित हो सकता है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मंत्री ने कृषि विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि चक्रवात के कारण फसलों को नुकसान होने की स्थिति में तत्काल पंचायत और प्रखंड स्तर पर सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करें। इसके आधार पर किसानों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
इस बीच कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए तैयार फसलों की कटाई करें और उपज को सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखें। इससे संभावित बारिश के कारण फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। चक्रवात अकवान के प्रभाव को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के उपनिदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
शुक्रवार, 20 नवंबर को सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा शनिवार, 21 नवंबर को धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका और साहिबगंज में भारी बारिश हो सकती है। रविवार से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। संभावित बारिश को देखते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। चक्रवात के दौरान किसी भी व्यक्ति को समय पर उपचार मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखने पर जोर दिया गया है। इस बीच चक्रवात का असर झारखंड के कुछ हिस्सों में दिखाई देने लगा है। जामताड़ा में गुरुवार रात से बादल छाए रहे और शुक्रवार सुबह रिमझिम बारिश शुरू हुई। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी सतर्कता बढ़ाई जा रही है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 20 नवंबर को कक्षा पांचवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्देश सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों के लिए लागू है। हालांकि, शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल झारखंड सरकार चक्रवाती तूफान अकवान के संभावित प्रभाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों में जुटी हुई है। मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि आपदा के समय त्वरित राहत के साथ पहले से प्रभावी तैयारी करना भी जरूरी है। सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, किसानों की फसल को संभावित नुकसान से बचाना और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखना है।
Next Story





