झारखंड

मेडिकल क्षेत्र में मील का पत्थर, एम्स देवघर की ऐतिहासिक सफलता

Saba Naaz
28 Jun 2026 3:04 PM IST
मेडिकल क्षेत्र में मील का पत्थर, एम्स देवघर की ऐतिहासिक सफलता
x

Jharkhand: एम्स देवघर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सफल ओपन हार्ट सर्जरी की है। यह जटिल सर्जरी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरी की गई, जिसे चिकित्सा जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इस सफलता से संताल परगना समेत आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह सर्जरी कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभाग के डॉ. रजत अग्रवाल और एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के डॉ. संजय कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई। दोनों विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में पूरी सर्जिकल टीम ने इस जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के दौरान सर्जिकल टीम, एनेस्थीसिया टीम, आईसीयू स्टाफ और नर्सिंग स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिसकी वजह से यह ऑपरेशन सफल रहा। एम्स प्रबंधन ने पूरी मेडिकल टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके प्रयासों की सराहना की है।

इस सफलता में संस्थान के कार्यकारी निदेशक (ईडी) की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने समय पर हार्ट-लंग मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई, हाइट्स (HITES) के माध्यम से तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया और परफ्यूजनिस्ट टीम की व्यवस्था करवाई। साथ ही आवश्यक मेडिकल संसाधनों को समय पर उपलब्ध कराकर इस ऐतिहासिक सर्जरी को संभव बनाया।

एम्स देवघर में ओपन हार्ट सर्जरी की शुरुआत को क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। अब संताल परगना, झारखंड और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर हृदय रोगों के इलाज के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर इस तरह की जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी मजबूत होगी। यह उपलब्धि एम्स देवघर को पूर्वी भारत के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Next Story