झारखंड

5 करोड़ लूट की घटना का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 77 लाख भी बरामद

Rani Sahu
21 Sep 2023 2:24 PM GMT
5 करोड़ लूट की घटना का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 77 लाख भी बरामद
x
गिरिडीह : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना इलाके के बाटी मोड़ के पास दो माह पूर्व हुई पांच करोड़ की लूट में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस कांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। खिरोधर साव ऊर्फ गुलाब साव की गिरफ्तारी एसपी दीपक कुमार शर्मा और उनकी टीम ने की है। पकड़े गए गुलाब साव के पास से लूट की राशि में से 77 लाख बरामद किया गया है। इसकी जानकारी गुरुवार को एसपी दीपक शर्मा ने प्रेस वार्ता में दी। साथ ही मुन्ना दास नामक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। गुलाब और मुन्ना दोनों हजारीबाग के बरही पर रहने वाले हैं।
8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है
एसपी ने बताया कि मास्टरमाइंड गुलाब को पकड़ने के लिए विशेष टीम काम कर रही थी। टीम का नेतृत्व खोरी महुआ एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो कर रहे थे। टीम देश के विभिन्न राज्यों में जा चुकी थी। टीम दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई तक जा चुकी थी। इस बीच सूचना मिली कि खिरोधर तमिलनाडु के कन्याकुमारी में छिपा है। इस सूचना पर गिरिडीह पुलिस की टीम कन्याकुमारी पहुंची। यहीं से खिरोधर को गिरफ्तार किया गया। बताया कि अभी तक इस मामले में आठ लोगों की गिरफ्तार हो चुकी है।
ऐसे हुई थी लूट
बता दें कि बिहार पटना से पांच करोड़ रुपया लेकर चली एक क्रेटा कार में लूट हो गई। इस मामले को लेकर गुजरात के पाटन जिला अंतर्गत सांतलपुर निवासी मयूर सिंह जडेजा ने एफआईआर दर्ज करवायी थी। मयूर सिंह ने बताया कि पटना के डीवाई कंपनी से पांच करोड़ रुपया क्रेटा कार के अंदर बने एक बॉक्स में रख दिया गया। 20 जून की शाम 8-9 बजे के बीच कोलकाता के लिए वह निकल गया। 21 जून की रात लगभग 1:30 बजे वे लोग गिरिडीह जिले के जमुआ थाना इलाके के टीकामगहा पहुंचे और यहां पेट्रोल पंप में तेल भरवाया। यहां से अभी आगे बढ़े थे कि ओवरटेक कर एक स्कार्पियो ने उसकी गाड़ी को रुकवाया। उन्हें कब्जे में ले लिया। मारपीट कर उसे व क्रेटा कार में बैठे उसके सहकर्मी को स्कार्पियो वाहन पर बैठा लिया गया। बाद में दोनों का मोबाइल छीनकर स्कॉर्पियो को कच्ची रास्ता में ले गया, थोड़ी देर बाद अपराधियों ने उन्हें स्कार्पियो से भी उतार दिया और वाहन लेकर चले गए। इसके बाद दोनों पैदल ही भटकते-भटकते सुबह पांच बजे पक्की सड़क पर पहुंचे। यहां पर एक होटल के पास उन्हें अपना वाहन क्रेटा दिखा। जब वह अपने साथी के साथ वाहन के समीप पहुंचे तो देखा कि गाड़ी के अंदर बना बॉक्स टूटा हुआ है और पांच करोड़ गायब है।
Next Story