
Jharkhand:गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र में नौ महीने से लापता युवक विनय तिग्गा का नरकंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि फुटबॉल मैच के दौरान हुए विवाद के बाद उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय विनय तिग्गा 1 अक्टूबर 2025 को कटिंबा गांव स्थित अपने घर से फुटबॉल मैच देखने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जारी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लंबे समय तक तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला था। जांच के दौरान जारी थाना प्रभारी शनि कुमार को गुप्त सूचना मिली कि इस हत्या में मृतक के कुछ परिचित शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि विवाद के बाद उन्होंने विनय तिग्गा की हत्या कर शव को बंझर डांड़टोली स्थित कुएं में फेंक दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कुएं से मानव कंकाल बरामद किया गया। अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता की निगरानी में कंकाल को बाहर निकाला गया और पहचान के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने अजय बरवा, ग्रेगोरी बरवा और दीपक बरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





