
झारखण्ड: भारत सरकार के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान एम्स (AIIMS) देवघर ने पूर्वी भारत के चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। झारखंड सरकार की 'मुख्यमंत्री मेंटरशिप योजना' के तहत एम्स देवघर को राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों और तीन सदर अस्पतालों को अपग्रेड करने और प्रशिक्षण देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, एम्स देवघर पूर्वी भारत का पहला 'वयस्क टीकाकरण केंद्र' (Adult Vaccination Center) भी बन गया है, जहाँ एक ही छत के नीचे वयस्कों के लिए विभिन्न जानलेवा बीमारियों से बचाव के टीके उपलब्ध कराए गए हैं।
राज्य सरकार की इस विशेष पहल के तहत एम्स देवघर दुमका मेडिकल कॉलेज, धनबाद मेडिकल कॉलेज के अलावा देवघर, गोड्डा और गिरिडीह सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़, अपग्रेड और अपडेट करने का काम करेगा। एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सक इन संस्थानों के डॉक्टरों और कर्मचारियों को तीन मुख्य स्तंभों—क्लिनिकल (चिकित्सकीय इलाज और परामर्श), मेडिकल एजुकेशन (अध्यापन और फैकल्टी ट्रेनिंग) और रिसर्च (शोध कार्य) में प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से राज्य के इन अस्पतालों में भी एम्स के पैटर्न पर स्वास्थ्य और शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाएगा।
व्यस्क टीकाकरण केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. अरशद अयूब और डॉ. सुनील पाणिग्रही ने बताया कि कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन विभाग की एचओडी डॉ. जी जाहन्वी द्वारा तैयार प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद यह केंद्र शुरू किया गया है। जल्द ही संबंधित मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों के प्रमुखों के साथ पत्राचार कर उनके चिकित्सकों को वयस्क टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यदि वे अपने यहां केंद्र स्थापित करने में असमर्थ रहते हैं, तो वे मरीजों को एम्स देवघर रेफर कर सकेंगे।
एम्स देवघर में वर्तमान में रैबीज, टीडी, सर्वाइकल कैंसर, हेपेटाइटिस 'ए' और 'बी', निमोनिया, चिकनपॉक्स, इन्फ्लूएंजा और टाइफाइड जैसी बीमारियों के टीके वयस्कों के लिए उपलब्ध हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को निमोनिया से बचाव का टीका लेने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त, आने वाले समय में यहाँ 'येलो फीवर' (Yellow Fever) का टीका भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अफ्रीका और अन्य अंतरराष्ट्रीय देशों में नौकरी के लिए जाने वाले मजदूरों और चालकों को विदेश यात्रा से पूर्व टीकाकरण कराने में काफी सुगमता होगी।





