झारखंड

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये मूल्य का 10 किलो अफीम बरामद

Admin4
18 Sept 2023 12:36 PM IST
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये मूल्य का 10 किलो अफीम बरामद
x
गुमला। गुमला पुलिस ने नशा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 10.80 किलो अफीम गुमला से बरामद हुआ है. पुलिस की मानें, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस 10 किलो अफीम की कीमत एक करोड़‍ रुपये है. गुमला के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि गुमला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसई थाना के रेड़वा गांव के वीरेंद्र साहू द्वारा भारी मात्रा में अफीम की खरीद-बिक्री हो रही है. गुप्त सूचना पर तुरंत एसडीपीओ मनीषचंद्र लाल के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने रेड़वा गांव पहुंचकर सुनसान जगह पर स्थित वीरेंद्र साहू के घर में छापेमारी की. घर से पुलिस ने 8.95 किलो अफीम बरामद किया. वीरेंद्र साहू के ऑल्टो कार की जांच की गयी, तो उसमें से 1.13 किलो अफीम बरामद हुआ. पुलिस ने अफीम के साथ ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस जैसे ही वीरेंद्र साहू के घर पहुंची, वीरेंद्र साहू तेजी से दीवार फांदकर भाग गया. हालांकि, पुलिस ने वीरेंद्र साहू को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अफीम की तस्करी करने वाला यह शख्स भागने में सफल हो गया. पुलिस ने वीरेंद्र को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. बता दें कि वीरेंद्र साहू अफीम लेकर अपने घर रेड़वा आने वाला है. पुलिस को इसकी सटीक सूचना मिली थी. इसलिए एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले से ही वीरेंद्र के घर की घेराबंदी शुरू कर दी थी. पुलिस घेराबंदी कर ही रही थी कि वीरेंद्र तेजी से ऑल्टो कार चलाते हुए अपने घर पहुंचा. इसके बाद तुरंत पुलिस घर के अंदर घुसी. इस दौरान पुलिस को चकमा देकर वीरेंद्र फरार हो गया.
एसपी हरविंदर सिंह ने अफीम के तस्कर को पकड़ने के लिए गुमला पुलिस ने जिस टीम का गठन किया था, उसका नेतृत्व एसडीपीओ मनीषचंद्र लाल कर रहे थे. टीम में इंस्पेक्टर एसएन मंडल, सिसई थाना प्रभारी आदित्य कुमार चौधरी, पुअनि संत कुमार मेहता, पुअनि भवेश कुमार, पुअनि अंजली टोप्पो, सअनि कृष्णा चौधरी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसपी ने कहा है कि टीम ने बेहतर काम किया है. टीम का काम प्रशंसनीय है. नशा के कारोबार को समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार काम करती रहेगी.
Next Story