झारखंड

माही किन्नर बोलीं- मैं निर्दोष, लगाए गए आरोप गलत

Saba Naaz
2 July 2026 8:23 PM IST
माही किन्नर बोलीं- मैं निर्दोष, लगाए गए आरोप गलत
x

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में किन्नर बनाने का झांसा देकर जबरन ऑपरेशन कराने और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप सामने आए हैं। तालझारी थाना क्षेत्र के धनपतडीह और सहारा गांव के चार लोगों ने जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकिनाथ निवासी सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में अनीता उर्फ अनमोल, अनन्या उर्फ गणेश, नेहा उर्फ सूरज और मुस्कान उर्फ मदन शामिल हैं।

आरोप है कि माही किन्नर ने पहले संपर्क बढ़ाकर भरोसा जीता और फिर नशीली दवा देकर उनके शरीर में बदलाव कराया। इसके बाद बिना सहमति के दिल्ली ले जाकर ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया गया, जिससे वे ट्रांसजेंडर बन गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ऑपरेशन के बाद उनसे बधाई मांगकर पैसे वसूलने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर मारपीट की गई। पीड़ितों ने गर्म प्रेशर कुकर से शरीर को दागने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

वहीं, आरोपित माही किन्नर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पुरानी रंजिश और साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि दो शिकायतकर्ताओं को वह जानती भी नहीं हैं और उनके खिलाफ झूठा केस बनाया गया है। माही किन्नर ने दावा किया कि कुछ लोग उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं और पूरे मामले में बाहरी लोगों की भूमिका है।

थाना प्रभारी संगम पाठक ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और शिकायत के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।

Next Story