झारखंड

स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पीएम मोदी का जताया आभार

SHIDDHANT
22 Sept 2025 9:57 PM IST
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पीएम मोदी का जताया आभार
x
Hazaribagh हजारीबाग: जीएसटी में हुए सुधार के तहत रेट में हुई कटौती से झारखंड के हजारीबाग में खुशी का माहौल है। लोग खरीदारी के लिए बाजारों में निकलने लगे हैं। आम हो या खास, सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्‍यवाद दे रहे हैं। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम जनता के लिए बड़ी राहत दी है। इससे समाज के हर तबके को लाभ मिलेगा। जो पैसा बचेगा इससे लोग अपनी दूसरी जरूरत की चीजों में इस्तेमाल कर पाएंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने सालभर में दो बार आम लोगों को टैक्स में बड़ी राहत दी।

पहली बार में 12 लाख तक की आय को इनकम टैक्स स्लैब से बाहर किया गया, दूसरी बार जीएसटी में इतना बड़ा रिफॉर्म हुआ है। इससे बाजार में गति आएगी, गरीबों को राहत मिलेगी और महंगाई में लगाम लगेगा। वहीं, जीएसटी में हुए इस रिफॉर्म के बाद महिलाओं में भी हर्ष का माहौल है। अर्चना सिन्हा ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि आने वाले महीने में कई त्योहार हैं, इसके लिए महिलाओं में भी खुशी देखी जा रही है। हजारीबाग की स्थानीय महिलाओं ने कहा कि अभी नवरात्रि का पर्व शुरू हो चुका है। इसके बाद भी कई पर्व हैं।
ज्योत्सना देवी ने कहा कि मोदी सरकार ने रसोई से लेकर कई चीजों में जीएसटी में राहत दी है। दुर्गा पूजा और छठ पर्व में बच्चे आसानी से नए कपड़े खरीद कर दे पाएंगे। धनतेरस के अवसर पर लोग अधिक से अधिक इलेक्ट्रॉनिक सामानों की भी खरीद कर पाएंगे। हजारीबाग के कपड़ा व्यवसाय संघ के सचिव सुनील गुप्ता ने कहा कि बाजार में कई दिनों से रौनक नहीं थी, लोग इस बात की इंतजार में थे कि जीएसटी रिफॉर्म लागू होगा और सामानों की खरीदारी करेंगे। इस रिफॉर्म के बाद बाजार में लोग निकलने शुरू हो चुके हैं और अनुमान है कि पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी बिक्री इस बार दुकान में होगी।
Next Story