
Ranchi: जिला प्रशासन ने दो पीडीएस डीलरों का लाइसेंस रद्द कर दिया है. दुकान खोलने और सरकारी आदेश का पालन नहीं करने को लेकर जिला प्रशासन ने उक्त कार्रवाई की है. ये पीडीएस डीलर गजेंद्र साहू और दिलीप कुमार साहू हैं जो नामकुम प्रखंड के हैं. जानकारी के मुताबिक केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव 14 अप्रैल को रांची जिला में जन वितरण प्रणाली दुकानों व धान अधिप्राप्ति केंद्र का निरीक्षण किया जाना था. इसके लिये प्रखंड मुख्यालय के समीप पीडीएस डीलर गजेंद्र साहू और दिलीप कुमार घोष (सदाबहार चौक) की दुकान का चयन किया गया था. मगर 11-12 अप्रैल को जब इनकी दुकान का सुबह और दोपहर में निरीक्षण किया गया तो वह बंद मिला था. इसको लेकर डीएसओ अल्बर्ट बिलुंग ने तत्काल प्रभाव से लाइसेंस को निलंबित करते हुए शोकॉज किया था. डीलरों दिया गया स्पष्टीकरण को अस्वीकार करते हुए डीएसओ ने अब उनके लाइसेंस को रद्द कर दिया है.





