झारखंड

Koderma: अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में दहशत

Admindelhi1
19 Sept 2025 3:17 PM IST
Koderma: अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में दहशत
x

कोडरमा: कोडरमा थाना अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग के एनएच 20 पर चाराडीह स्थित आर पी वाई ग्लोबल स्कूल के सामने स्थित नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह जब आसपास के लोग उस ओर टहलने निकले हुए थे तो वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति का ध्यान उस ओर गया। जहां उन्होंने देखा कि लगभग 50 वर्षीय एक अधेड़ किस्म का व्यक्ति नाले में पड़ा हुआ था। उन्होंने शोर मचाया जिससे आसपास के लोग वहां पहुंचे और मामले की सूचना कोडरमा पुलिस को दी । सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। शव के पैंट और शर्ट की तलाशी लेने पर उसके पैकेट से कोई भी ऐसा समान बरामद नहीं हो पाया, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।

इधर घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण वहां इकठ्ठा हो गए। मामले को लेकर थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि बीते दिनों कोडरमा जिले में कुछ लोगों के गुमशुदगी की शिकायतें सामने आई हैं। गुमशुदा लोगों के परिजनों से सम्पर्क किया जा रहा है और उन्हें घटनास्थल पर भी बुलाया गया है। वहीं आसपास के थानों में भी मृतक के शव की तस्वीरें भेज कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके थाना क्षेत्रों में भी गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज हुई हैं तो एक बार इस शव से उसका मिलान करवाया जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Next Story