
Jharkhand झारखंड : झारखंड की राजधानी रांची में एक कार के बांध में गिर जाने से जमशेदपुर के प्रधान जिला न्यायाधीश के दो अंगरक्षकों समेत तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात रांची के हटिया बांध पर हुई, जो नगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रमोद मिश्रा ने बताया, "हमें मिली जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। अब तक हमने कार चालक और दो पुलिसकर्मियों के शव बरामद कर लिए हैं। एक अभी भी लापता है।"
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार पलटकर बांध में गिर गई।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय कार जमशेदपुर से आ रही थी।
प्रधान जिला न्यायाधीश के अंगरक्षकों की पहचान रॉबिन कुजूर और उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों झारखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।





