झारखंड

झारखंड : राहुल गांधी ने कहा- राज्य सरकार में बनेगी को-ऑर्डिनेशन कमेटी, तय होगा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम

Renuka Sahu
9 Feb 2022 4:36 AM GMT
झारखंड : राहुल गांधी ने कहा- राज्य सरकार में बनेगी को-ऑर्डिनेशन कमेटी, तय होगा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम
x

फाइल फोटो 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने झारखंड में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बना कर उस पर अमल करने का निर्देश दिया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने झारखंड में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बना कर उस पर अमल करने का निर्देश दिया। इसके लिए झारखंड सरकार में को-ऑर्डिनेशन कमेटी बनाने को कहा। को-ऑर्डिनेशन कमेटी में गठबंधन सरकार के तीनों दलों झामुमो, कांग्रेस और राजद के सदस्य होंगे। यह कमेटी ही कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तैयार करेगी। सरकार के कार्यकाल के दो साल खत्म हो चुके हैं।

सरकार के कार्यक्रमों को पूरा करने के लिए दो साल की समय-सीमा तय की जाएगी। कॉमन मिनिमम प्रोग्राम में गठबंधन के तीनों घटल दलों की घोषणा पत्र में किए गए वादों को शामिल किया जाएगा और उसे अमली जामा पहनाया जाएगा। राहुल गांधी ने मंगलवार को नई दिल्ली में झारखंड कांग्रेस के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर रहे थे।
झारखंड के कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की बात सुनने के बाद राहुल गांधी ने पहले संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जब संगठन मजबूत रहेगा, तभी सरकार में बात सुनी जाएगी। इसके बाद ही घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा कराया जा सकेगा। संगठन और कार्यकर्ता पार्टी के लिए सर्वोपरि हैं। सभी अनुशासित होकर संगठन को मजबूत करें। संगठन ही हमारी ताकत है। पार्टी प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं की मजबूती के लिए अपना ध्यान केंद्रित करें। पार्टी संगठन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की व्यवस्था करे। संगठन और गठबंधन की मजबूती के बाद ही भाजपा की देश विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ सकेंगे। बैठक में प्रभारी अविनाश पांडेय, सह प्रभारी उमंग सिंघार, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, तीन राज्यों के प्रभारी डॉ अजय कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष, मंत्री, विधायक और झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। कांग्रेस विधायकों ने अपने मन की बात रखी और सरकार में कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करने और उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया। विधायकों ने राज्य सरकार, प्रशासन के साथ-साथ कांग्रेस कोटे के मंत्रियों पर भी यह आरोप लगाया।
कौन-कौन हुए शामिल
झारखंड कांग्रेस के सभी मंत्री-विधायकों के अलावा सांसद धीरज प्रसाद साहू, गीता कोड़ा, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, मधु कोड़ा, फुरकान अंसारी, प्रदीप बलमुचू, पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत, कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी बैठक में शामिल हुए।
घोषणा पत्र के वादों से समझौता नहीं करेगी कांग्रेस : अविनाश पांडेय
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि संगठन मजबूत होगा, तभी झारखंड में गठबंधन की सरकार मजबूत होगी। राहुल गांधी ने सभी विधायकों को एकजुट होकर पार्टी कार्यक्रमों, कॉमन मिनिमम प्रोग्राम को लागू करने का निर्देश दिया। अविनाश पांडेय ने कहा कि घोषणा पत्र में किए वादों से कांग्रेस किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले पर सरकार पर दबाव डाला जाएगा और इस पर को-ऑर्डिनेशन के माध्यम से पूरा कराया जाएगा। घोषणा पत्र में भी जो वादे किए गए हैं, उसे कांग्रेस पूरा करेगी।
राहुल गांधी से मिले स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता व कृषि मंत्री बादल
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल भी दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से मिले। अलग-अलग मिलकर मंत्रियों ने अपने विभाग के कामकाज और उपलब्धियों के बारे में राहुल गांधी को जानकारी दी। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने विगत दो साल के स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों, कोरोना काल में सरकार के द्वारा उठाए गए कदमों के साथ ही जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में किए कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि राहुल गांधी ने उनके कार्यों की सराहना की।
राज्य में संगठन को मजबूत करने, घोषणा पत्र में उल्लेखित मुद्दों को लागू कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में नए और बेहतर कार्ययोजना तैयार कर काम करने का निर्देश दिया। इसी तरह की प्रतिक्रिया कृषि मंत्री ने भी दी।
Next Story