झारखंड

Jharkhand:पश्चिमी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा पर सवाल

Saba Naaz
14 Jun 2026 8:21 PM IST
Jharkhand:पश्चिमी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा पर सवाल
x

Jharkhand:नोवामुंडी ओवरब्रिज पर डेंजर मोड़ बना खतरा, बिखरी गिट्टी और आवारा पशुओं से बढ़ी दुर्घटना की आशंका पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी स्थित ओवरब्रिज के पास डेंजर मोड़ पर लगातार दुर्घटना का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मोड़ पहले से ही संवेदनशील माना जाता है, लेकिन हाल की घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। शनिवार देर रात एक ओवरलोड गिट्टी लदे हाईवा वाहन से भारी मात्रा में छोटे-छोटे गिट्टी के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। ये नुकीले टुकड़े मोड़ के बीचो-बीच कई घंटों बाद भी पड़े रहे, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और संतुलन बिगड़ने का खतरा काफी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है, और अब सड़क पर फैली गिट्टी ने इसे और ज्यादा खतरनाक बना दिया है। वाहन चालकों को मोड़ पर अचानक फिसलन का सामना करना पड़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे होने की आशंका बनी हुई है। इसी बीच, आवारा पशुओं की मौजूदगी ने भी समस्या को और बढ़ा दिया है। सड़क के बीचों-बीच बैठे मवेशी तेज रफ्तार वाहनों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। रात के समय या कम दृश्यता में इन पशुओं के अचानक सामने आ जाने से वाहन चालक संभल नहीं पाते और बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से इन आवारा पशुओं को हटाने या नियंत्रण की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि सोमवार से क्षेत्र के स्कूल फिर से खुलने वाले हैं। ऐसे में सुबह के समय बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक और स्कूल वाहन इसी मार्ग से गुजरेंगे। दोपहिया वाहनों पर बच्चों को स्कूल ले जाने वाले अभिभावकों को सबसे ज्यादा जोखिम का सामना करना पड़ेगा। स्कूल बसों और वैनों की आवाजाही भी बढ़ जाएगी, जिससे सड़क पर दबाव और बढ़ेगा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़क पर फैली गिट्टी को हटाया जाए और आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो सोमवार सुबह किसी बड़े हादसे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Next Story