झारखंड

झारखंड: '2-3 दिनों में खत्म हो जाएगा आंदोलन', छात्रों के प्रदर्शन पर मंत्री इरफान अंसारी

jantaserishta.com
15 Aug 2026 5:14 PM IST
झारखंड: 2-3 दिनों में खत्म हो जाएगा आंदोलन, छात्रों के प्रदर्शन पर मंत्री इरफान अंसारी
x
जामताड़ा: झारखंड में जेपीएससी से जुड़ी मांगों को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच राज्य के मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार युवाओं की मांगों को लेकर गंभीर है और प्रदर्शन को समाप्त कराने के लिए लगातार पहल की जा रही है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि अगले एक-दो दिनों में सरकार और आंदोलनकारी युवाओं के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकल सकता है।
इरफान अंसारी ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता आंदोलन कर रहे युवाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य है। विभाग को पूरी तरह सचेत किया गया है और डॉक्टरों की टीम भी तैनात की गई है। प्रदर्शन में शामिल युवा उनके लिए अपने बच्चों की तरह हैं। जैसे ही किसी प्रदर्शनकारी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलती है, उसे रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज के लिए युवाओं से किसी तरह का पैसा नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चाहे सरकारी अस्पताल हो या निजी अस्पताल, अगर इलाज के नाम पर किसी प्रदर्शनकारी से पैसे लिए गए तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि आंदोलन कर रहे युवाओं के स्वास्थ्य की जवाबदेही उनकी है और वह इस मामले में पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके साथ खड़े हैं। सरकार चाहती है कि धरना और विरोध-प्रदर्शन समाप्त हो तथा इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं की मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। आंदोलन कर रहे युवा अपने मुद्दों को लेकर खुले तौर पर अपनी आवाज उठा रहे हैं और सरकार उनकी बात सुनने के लिए तैयार है।
अंसारी ने आरोप लगाया कि आंदोलन के बीच कुछ असामाजिक तत्वों के प्रवेश से स्थिति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि दिल्ली से भी कुछ लोग और मीडिया से जुड़े लोग वहां पहुंचे, जिससे मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश हुई। इस दौरान झारखंड से जुड़े एक ऐसे कानून को संसद में पारित कर दिया गया, जिसे वह झारखंड विरोधी मानते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चल रही गतिविधियों और युवाओं के आंदोलन के बीच सरकार के सामने कई मोर्चे थे, जिसकी वजह से परिस्थितियां जटिल हुईं।
आंदोलनकारी युवाओं को भरोसा दिलाते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उनका विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मदद करता रहेगा। साथ ही, मैं युवाओं से अपील करना चाहता हूं कि वे अपनी मांगों को लेकर धरना जरूर दें, लेकिन अपने स्वास्थ्य को खतरे में न डालें। जान है तो जहान है। जीवन एक बार मिला है, इसलिए भूख हड़ताल मत करें।
मंत्री इरफान अंसारी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मामले को लेकर सक्रिय हैं और संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं। सरकार की ओर से बातचीत जारी है और उन्हें उम्मीद है कि एक-दो दिनों में वार्ता पूरी हो जाएगी तथा समझौते का रास्ता निकल सकता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story