झारखंड

झारखंड : सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए अब बनवा सकते हैं आप अपनी पसंद का खाना

Manish Sahu
2 Sep 2023 6:03 PM GMT
झारखंड : सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए अब बनवा सकते हैं आप अपनी पसंद का खाना
x
झारखंड: झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ अब आप अपना जन्मदिन, सालगिरह व अन्य विशेष आयोजन विशेष तरीके से मना सकते हैं। आप विशेष अवसर पर स्कूल में जाकर बच्चों को दोपहर में मध्याह्न भोजन की जगह अपनी पसंद का विशेष भोजन करा सकते हैं। इस विशेष भोजन का नाम तिथि भोजन दिया गया है। अभी प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूल की तरफ नि:शुल्क मध्याह्न भोजन दिया जाता है। झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि तिथि भोजन (जिस दिन बच्चों को भोजन कराएंगे) के आयोजन के लिए लोगों को जागरूक किया जाए तथा विशेष अवसर पर विद्यालयों में ही जाकर भोजन कराएं।
तिथि भोजन के लिए स्कूलों को पूर्व सूचना देनी होगी, ताकि मध्याह्न भोजन परोसने के क्रम में ही इसका क्रियान्वयन किया जा सके। झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने सांसद, विधायक, जिला परिषद, पंचायती राज के सदस्यों से भी इस आयोजन के लिए पहल करने का अनुरोध किया है।
क्या है प्राधिकरण का आदेश
स्कूलों के शिक्षक, छात्र, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य समेत अन्य लोग अपने जन्मदिन, विवाहोत्सव, शादी की सालगिरह पर बच्चों के लिए विशेष भोजन का आयोजन कर सकते हैं। यही नहीं पर्व-त्योहार दशहरा, दीपावली, काली पूजा, होली, रामनवमी, क्रिसमस, नेवान, ईद, मकर संक्रांति, गुरु पर्व समेत अन्य अवसर पर भी स्कूलों में यह कार्यक्रम किया जा सकता है। बच्चों को दोपहर का मध्याह्न भोजन अपनी तरफ से परोस सकते हैं।
Next Story