झारखंड

झारखंड निर्वाचन आयोग ने दिए संकेत, राज्य में 3 महीने बाद नगर निकाय चुनाव

Renuka Sahu
12 July 2022 3:30 AM GMT
Jharkhand Election Commission gave indications, municipal elections in the state after 3 months
x

फाइल फोटो 

झारखंड में पिछले दो साल से लंबित नगर निकायों के चुनाव बरसात के बाद कराए जाएंगे।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में पिछले दो साल से लंबित नगर निकायों के चुनाव बरसात के बाद (तीन माह के बाद) कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने ऐसा संकेत दिया है। नगर निकाय चुनाव की नियमावली में फेरबदल को सरकार ने मंजूरी दे दी है। झारखंड नगरपालिका निर्वाचन एवं चुनाव याचिका संशोधन नियमावली 2022 की अधिसूचना जारी कर दी गई है।

नई नियमावली के अधिसूचित होते ही निकाय चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य में एक दर्जन से ज्यादा नगर निकायों के चुनाव 2020 तक हो जाने चाहिए थे। ये चुनाव 10 जिलों के 14 नगर निकायों में 2020 में होने थे, लेकिन कोविड-19 सहित कई कारणों से यह चुनाव भी टलता रहा। इस बीच सरकार ने चुनाव नियमावली में संशोधन भी कर लिया। संशोधित नियमावली मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुट जाएगा। अगले तीन माह तक बरसात के मौसम के कारण चुनावी प्रक्रिया नहीं हो पाएगी, लेकिन बरसात खत्म होने के बाद निकायों के चुनाव करा लिए जाएंगे। संशोधित नियमावली के अनुसार पंचायत चुनाव की तरह नगर निकाय के चुनाव भी गैरदलीय होंगे।
नगर निकाय चुनाव कराने के लिए परिसीमन और वार्ड आरक्षण के निर्धारण का काम पूरा होने के बाद चुनाव आयोग अपनी ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम तैयार कर राज्य सरकार को भेज देगा। चुनाव कराने का फैसला राज्य सरकार को करना है। राज्य में जिन नगर निकायों में चुनाव होना है, उनमें धनबाद, देवघर और चास नगर निगम है। इनके अलावा नगर परिषद में विश्रामपुर, झुमरी तिलैया, गोमिया, चक्रधरपुर तथा नगर पंचायत में कोडरमा, बड़की सरिया, धनवार, हरिहरगंज. बचरा और महगामा शामिल है। ये सभी नयी नगर परिषद के रूप में अस्तित्व में आयी है।
नगर निकायों में निगम के तीन मेयर, 3 डिप्टी मेयर, 11 अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा
इन नगर निकायों में नगर निगम के तीन मेयर, तीन डिप्टी मेयर, 11 अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। 311 वार्ड पार्षदों का चुनाव होगा। पिछली सरकार की तरह इस बार नगर निकायों का दलीय चुनाव नहीं होगा। सरकार ने नगर निकाय चुनाव नियमावली में संशोधन कर इसे बदल दिया है। मेयर और अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष चुनाव पद्धति से होगा। चुनाव की नई नियमावली की सरकार ने गजट अधिसूचना जारी कर दी है।
कहां-कहां चुनाव होंगे
● तीन नगर निगम: धनबाद, देवघर और चास
● नगर परिषद: विश्रामपुर, झुमरी तिलैया, गोमिया तथा चक्रधरपुर
● नगर पंचायत: कोडरमा, बड़की सरिया, धनवार, हरिहरगंज, बचरा और महगामा।
Next Story