झारखंड

Jharkhand: मानसून से पहले 3 दिन लगातार बारिश और चलेंगी तूफानी हवाएं

Admindelhi1
28 May 2025 4:26 PM IST
Jharkhand: मानसून से पहले 3 दिन लगातार बारिश और चलेंगी तूफानी हवाएं
x
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

झारखंड: राज्य में बुधवार से मानसून से पहले की गतिविधि तेज हो जाएगी। इसके चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले तीन दिन बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट भी है। इस बीच 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों पर कायम साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से यह उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इससे झारखंड के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी भागों पर कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इससे देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों तक आ चुका दक्षिणी-पश्चिमी मानसून को झारखंड समेत अन्य राज्यों में प्रवेश करने में सहयोग मिलेगा।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत खूंटी, सिमडेगा, गुमला और कोल्हान के जिलों में बुधवार को कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। वहीं, गुरुवार को रांची सहित कोल्हान व संताल परगना के जिलों में कुछ स्थानों भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा शुक्रवार को संताल परगना समेत आसपास के क्षेत्रों में कुछ जगह भारी बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार इस बार राज्य में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है।

राज्य के कई भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे चल रहा है। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे 31.2 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा। वहीं, राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा का 37.2 डिग्री रहा। इस वजह से फिलहाल गर्मी से लोगों को राहत मिली हुई है।

राज्य में पिछले 24 घंटे में हजारीबाग (कोनेर) में 65.4 मिमी, पाकुड़ में 45.6 मिमी, सिमडेगा में 34, बोकारो में 20.5 मिमी समेत कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।

Next Story